नीट के लिए गोरखपुर से प्रयागराज तक स्पेशल ट्रेन
बलिया में नीट परीक्षा के लिए बड़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। प्रयागराज रामबाग से गोरखपुर के बीच 20 और 21 जून को परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वाराणसी सिटी स्टेशन पर तीन ट्रेनों का भी ठहराव बढ़ाया गया है।

बलिया। नीट में परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रेल महकमे ने प्रयागराज रामबाग से गोरखपुर के बीच दो दिन के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया है। इसके अलावा वाराणसी सिटी स्टेशन पर तीन ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव भी किया गया है। 20 एवं 21 जून को परीक्षा स्पेशल ट्रेन वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, छपरा और गोपालगंज के रास्ते चलाई जाएगी। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 05162 परीक्षा स्पेशल ट्रेन 20 एवं 21 जून को प्रयागराज रामबाग से रात आठ बजे प्रस्थान कर रात 9.50 बजे बनारस, 11.15 बजे औड़िहार, रात 12.23 बजे गाजीपुर सिटी होते हुए रात 01. 24 बजे बलिया पहुंचेगी।
यहां से 02:35 बजे छपरा, गोपालगंज, कप्तानगंज होते हुए सुबह नौ बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे। इसके साथ ही रेल महकमे ने 21 जून को गाड़ी नं 19489, 11071 एवं 15268 का अतिरिक्त ठहराव वाराणसी सिटी स्टेशन पर किया है।


