दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व में यात्रियों को राहत
रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कोलकाता और प्रतापनगर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन आसनसोल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ठहरेगी और प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को चलेगी, जिससे यात्रियों को यात्रा करने में सुविधा होगी।

जसीडीह, प्रतिनिधि। दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोलकाता और प्रतापनगर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन आसनसोल मंडल के जसीडीह समेत दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन और मधुपुर स्टेशनों पर ठहराव देगी। इससे पूजा के दौरान इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार 03109 कोलकाता-प्रतापनगर स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगी। कोलकाता से ट्रेन सुबह 8 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:40 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन के सात फेरे होंगे। वापसी में 03110 प्रतापनगर- कोलकाता स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को 15 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी।
ट्रेन प्रतापनगर से शाम 4:15 बजे रवाना होकर तीसरे दिन दोपहर 12:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इस ट्रेन के भी सात फेरे होंगे। पूजा स्पेशल में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। पर्व के दौरान अतिरिक्त भीड़ के बीच इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा सुविधा मिलेगी।


