छपरा- सीवान रेलखंड पर टिकट जांच में 40 बेटिकट यात्री पकड़े गए
सीवान में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा छपरा से सीवान के बीच विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 40 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया और उनसे 20,760 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की।

सीवान, निज प्रतिनिधि। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा बिना टिकट व अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए गुरुवार को छपरा से सीवान से थावे से मशरख से छपरा कचहरी रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
विशेष टिकट जांच अभियान
अभियान के दौरान विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच कर बिना टिकट व अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे 40 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे जुर्माना व किराया मिलाकर कुल 20 हजार 760 रुपये रेल राजस्व के रूप में वसूल किए गए। जांच के दौरान ट्रेन संख्या 75103 छपरा से थावे डेमू व 55109 थावे से मशरख व छपरा कचहरी सवारी गाड़ी सहित अन्य ट्रेनों में किलाबंदी कर यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, थावे, विशाल कुमार सिंह ने किया।
यात्री जागरूकता
इनके साथ मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर, टिकट जांच कर्मियों की टीम व रेलवे सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। रेल अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की नियमित कार्रवाई से यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, रेलवे के नियमों का पालन करें।


