अल्मोड़ा से श्रद्धालुओं का दल दून के लिए रवाना हुआ
अल्मोड़ा से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में 40 चयनित श्रद्धालुओं की विशेष निशुल्क ट्रेन यात्रा रविवार रात देहरादून के लिए रवाना हुई। विधायक, मेयर और अन्य अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत की। श्रद्धालु सोमनाथ धाम में पवित्र जल कलश भेजने और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का हिस्सा बनेंगे।
अल्मोड़ा। संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष निशुल्क ट्रेन यात्रा के तहत रविवार रात अल्मोड़ा से 40 चयनित श्रद्धालुओं का दल देहरादून के लिए रवाना हुआ। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। अल्मोड़ा रोडवेज बस स्टेशन से यात्रा दल को विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जाधारी गंगा बिष्ट और सीडीओ रामजी शरण शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अल्मोड़ा से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड के सभी 13 जिलों से आए 40-40 श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला देहरादून से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड के सभी 13 जिलों से पवित्र जल कलश भी सोमनाथ धाम भेजे जाएंगे। यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों, जिनमें महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक, सीमांत क्षेत्रों के नागरिक, कलाकार, स्ट्रीट वेंडर, गिग वर्कर्स, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और अन्य जनसेवा से जुड़े लोग शामिल हैं। इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।


