11 से 31 जुलाई तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान
शहाबगंज में 11 से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण एवं जनजागरूकता अभियान चलेगा। स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज एवं बाल विकास विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देंगी। अभियान का फोकस बरसात में फैलने वाले रोगों पर नियंत्रण स्थापित करना है। स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।

शहाबगंज, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से 11 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज विभाग, बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी देंगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य बरसात के मौसम में फैलने वाले संक्रामक एवं जलजनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एल. बी. शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ती, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को डायरिया, मलेरिया, डेंगू, पीलिया तथा अन्य संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी।
यदि किसी व्यक्ति में इन रोगों के लक्षण पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यक दवा उपलब्ध कराई जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ग्रामीणों को घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव न होने देने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा पानी को ढककर रखने की सलाह दी जाएगी।


