परिषदीय विद्यालयों में चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान
जिले के परिषदीय स्कूलों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य छात्रों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण प्रदान करना है। सभी कक्षाओं, शौचालयों और स्कूल परिसरों की सफाई की गई, और जलभराव समाप्त करने की कार्रवाई की गई। बीएसए सचिन कसाना ने साफ-सफाई के कार्यों की सघनता पर जोर दिया।

जिले के परिषदीय स्कूलों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यालयों में इस अभियान से स्वच्छता की बयार बही। परिषदीय स्कूलों से लेकर कस्तूरबा स्कूलों में साफ सफाई अभियान चलाया गया। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देशों पर जिले के समस्त परिषदीय विद्यालयों में विशेष विद्यालय स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्वच्छ, स्वस्थ, सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना तथा विद्यालय परिसरों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करना था। विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल स्रोतों, रसोईघर, विद्यालय भवनों आदि को साफ किया गया।
बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया था कि 14 अगस्त को विशेष अभियान के रूप में विद्यालयों में साफ-सफाई का कार्य कराया जाए। इसके अंतर्गत विद्यालय की प्रत्येक कक्षा, कार्यालय, बरामदे, परिसर, छत, किचन रसोईघर तथा अन्य उपयोगी स्थलों की समुचित साफ-सफाई की गई है। विद्यालय परिसर में पड़ी अनुपयोगी सामग्री, कूड़ा-कचरा, झाड़िया एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर उनका समुचित निस्तारण कराया गया। जलभराव की समस्या वाले स्थानों को चिन्हित कर जलभराव समाप्त करने तथा मच्छर एवं अन्य संक्रामक रोगों की संभावना को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि पेयजल व्यवस्था की विशेष जांच की गई तथा शौचालयों की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया है। विद्युत सुरक्षा भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। कक्षाओं एवं विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाया गया है। स्कूलों में स्वच्छ विद्यालय स्वस्थ विद्यार्थी की तर्ज पर साफ सफाई अभियान चलाया गया है।


