सरकारी स्कूलों में 17 को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
आरा जिले के सभी सरकारी स्कूलों में 17 सितंबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा। डीईओ ने हेडमास्टरों को परिसर और कक्षाओं की साफ-सफाई करने के निर्देश दिए हैं। पेयजल, चापाकल और शौचालय के आस-पास जलजमाव नहीं होना चाहिए। छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इको क्लब भी शामिल होगा।

आरा, हिप्र.। जिले के सभी सरकारी स्कूलों में 17 सितंबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। साथ ही आगामी दो अक्टूबर से मशाल कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसे ले डीईओ ने प्राइमरी से लेकर प्लस टू स्कूलों के हेडमास्टरों को निर्देश दिया है कि स्कूल परिसर व सभी वर्ग कक्षों की पूर्ण साफ-सफाई की जाय। पेयजल, चापाकल व शौचालय के आस-पास जलजमाव नहीं होना चाहिए। इसके लिए उसकी साफ-सफाई की जाये। आगामी मशाल कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए स्कूल के खेल मैदान को समतल किया जाये और वहां मौजूद झाड़ियों व कचरों को पूरी तरह से साफ किया जाये। सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे का उचित निपटारा करना है।
प्लास्टिक और अन्य कचरे को खुले में जलाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर नष्ट किया जाय या कूड़ेदान का प्रयोग किया जाये। अभियान में इको क्लब और छात्र-छात्राओं को जोड़ते हुए उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। साफ-सफाई से पूर्व व उसके बाद का फोटोग्राफ प्रखंड स्तरीय व्हाटसएप्प ग्रुप में शेयर करने का निर्देश दिया गया है।


