प्रयागराज से सैफई तक साइकिल से निकली पीडीए कांवड़ यात्रा, औरैया में स्वागत
प्रयागराज से संगम का गंगाजल लेकर साइकिल से सैफई जा रही पीडीए कांवड़ यात्रा का औरैया में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। युवाओं ने फूल-मालाएं पहनकर यात्रा में शामिल सभी को प्रेरित किया। सपा जिलाध्यक्ष ने पार्टी की आगामी चुनावी तैयारी और उनके उत्साह को सराहा।

प्रयागराज के संगम से गंगाजल लेकर साइकिल से सैफई जा रही पीडीए कांवड़ यात्रा का औरैया पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। नेशनल हाईवे स्थित जय माता दी होटल पर सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल युवाओं को फूल-मालाएं पहनाईं। यात्रा में शामिल युवा प्रयागराज की विभिन्न विधानसभाओं से संगम का गंगाजल लेकर साइकिल से सैफई के लिए निकले हैं। वहां पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा पर जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा में कमलेश यादव, विकास भदारी, सुनील यादव, देवेंद्र जगतपुर, अमरदीप यादव और कृष्णा यादव मास्टर शामिल हैं।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि प्रयागराज से साइकिल से लंबी दूरी तय कर निकले युवाओं का औरैया में स्वागत किया गया है। युवाओं का उत्साह और संघर्ष की भावना संगठन को मजबूती देती है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी मजबूती से जुटे हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे।वरिष्ठ सपा नेता लालजी शुक्ला ने कहा कि संगम से गंगाजल लेकर सैफई जा रहे युवाओं का उत्साह सराहनीय है। समाजवादी विचारधारा से जुड़े युवाओं की सक्रियता से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। पीडीए साइकिल कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे कृष्णा यादव मास्टर ने कहा कि औरैया में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिले स्वागत और स्नेह से यात्रा में शामिल सभी साथी उत्साहित हैं। उन्होंने स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस दौरान महेंद्र त्रिपाठी, गुड्डू सेंगर, सभासद राहुल तिवारी, अधिवक्ता उपेंद्र भारती, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, मनीष कठेरिया, रामरतन दोहरे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


