अखिलेश यादव के मुंहलगे मुस्लिम नेता श्रीकृष्ण को बता रहे नमाजी: केशव
-उपमुख्यमंत्री ने सपा के पूर्व सांसद के बयान पर सपा मुखिया को घेरा

सपा के पूर्व सांसद एचटी हसन के भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को घेरा है। उन्होंने शनिवार को एक्स पर किए पोस्ट में कहा कि सपा बहादुर अखिलेश यादव की छत्रछाया में उनके मुंहलगे मुस्लिम नेता इतने बेलगाम हो चुके हैं कि भगवान श्रीकृष्ण और श्रीमद्भगवद्गीता को भी नहीं बख्श रहे हैं। कुछ हिंदू संतों ने सपा बहादुर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर सहयोग करने को क्या कह दिया कि तभी से ये मुस्लिम नेता भगवान श्रीकृष्ण को ही नमाजी बताने लगे।
केशव प्रसाद मौर्य का बयान
केशव ने कहा कि यह सरासर हिंदुओं की आस्था का अपमान है। इन बेलगाम नेताओं के समर्थन में तुष्टिकरण करने वाले नेताओं की तरफ से बयान भी दिए जा रहे हैं। ऐसे नेता कड़ी निंदा के पात्र हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा बहादुर को इस विषय पर अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए। अगर वे खुद को भगवान श्रीकृष्ण का वंशज और भक्त मानते हैं, तो उन्हें खुलकर करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का अपमान करने वाले बयानों के प्रति न केवल अपनी असहमति दर्ज करानी चाहिए, बल्कि हिंदुओं से माफी भी मांगनी चाहिए।
भाजपा नेता ने लगाया पोस्टर
वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता मनीष यादव ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस साकेत के सामने एक पोस्टर भी लगा दिया। इस पर लिखा था कि मौलवी हैं अखिलेश के पोषित, श्रीकृष्ण हुए मुसलमान घोषित।


