अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा को प्राथमिकता दें और जनता का विश्वास जीतें
-जगदीशपुर अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में एसपी का निर्देश , अपराध नियंत्रण को सतत अभियान चलाएं, लंबित कांडों के निष्पादन में लायें तेजी

-जगदीशपुर अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में एसपी का निर्देश -बोले : अपराध नियंत्रण को सतत अभियान चलाएं, लंबित कांडों के निष्पादन में लायें तेजी आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित का अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ जनता का विश्वास जीतने पर काफी जोर है। इसके लिए एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को जन सेवा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। पुलिस कार्यालय के सभागार में जगदीशपुर अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल के विभिन्न थानों के कांडों की गहन समीक्षा की और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
अनुमंडल क्षेत्र में अपराध और कानून व्यवस्था की जानकारी ली। एसपी ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए सतत अभियान चलाने का निर्देश दिया। पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ काम करने का निर्देश देते हुए जन सेवा को प्राथमिकता देने एवं जनता का विश्वास जीतने पर जोर दिया। बैठक में एसडीपीओ राहुल कुमार सहित अनुमंडल के सभी अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष और अपर थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।


