सपा निकालेगी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च
सपा कार्यालय बिजलीखेड़ा में महात्मा गांधी और पूर्व पीएम शास्त्री जी की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने लोकतंत्र बचाओ सप्ताह की घोषणा की, जिसमें वोटर लिस्ट और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पार्टी द्वारा चुनाव आयुक्त पर कार्रवाई की मांग भी की गई।

बांदा। सपा कार्यालय, बिजलीखेड़ा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर जिलाध्यक्ष उमेश यादव की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। गांधी व शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान को याद किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा पार्टी 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च निकालेगी। इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को जनता के बीच उठाएगी। चुनाव आयुक्त पर मुकदमा चलाकर कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम का संचालन सपा नेता कुदरत उल्ला खान ने किया।
बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री शमीम बांदवी, स्पोर्ट्स विंग प्रभारी हसनुद्दीन सिद्दीकी, अशोक सिंह गौर, पूर्व जिलाध्यक्ष इमरान अली,सपा नेता ओम नारायण त्रिपाठी,विदित समेत तमाम पदाधिकारी रहे।


