मौसम:मानसून ने दी दस्तक, कई इलाकों में हुई बारिश,पारा गिरा
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता राजधानी में गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता राजधानी में गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी। मानसून के आगमन के बाद राजधानी के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार मानसून दिल्ली में अपनी सामान्य आगमन तिथि 27 जून की तुलना में पांच दिन की देरी से पहुंचा है।
मानसून का आगमन
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि 2021 के बाद यह पहली बार है जब मानसून ने जुलाई में दस्तक दी है। 2021 में मानसून 13 जुलाई को यहां पहुंचा था।
पिछले आंकड़े
पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून 2025 में 29 जून, 2024 में 28 जून, 2023 में 25 जून और 2022 में 30 जून को दिल्ली पहुंचा था।
अलर्ट और तापमान में बदलाव
आईएमडी ने राजधानी को गुरुवार को यलो अलर्ट जारी किया था। शुक्रवार के लिए भी मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी में हुई बारिश के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम था। जबकि न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम था।
नमी और मौसम की भविष्यवाणी
राजधानी में नमी का अधिकतम स्तर 95 फीसद तथा न्यूनतम स्तर 61 फीसद दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
सुबह के समय राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई और दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार 8 जुलाई तक राजधानी का अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। आने वाले दो दिनों में इसमे 2 से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी लेकिन फिर इसके बाद 8 जुलाई तक यह 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के मौसम के बारे में सुबह और दोपहर के बाद हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है। इस बीच गरज चमक के साथ तेज हवा भी चल सकती है। हवा की गति गई जगहों पर 40 से 60 किलो मीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।


