तीनपानी से काठगोदाम हाईवे पर शो-पीस बने एनएचएआई के एसओएस बूथ

हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
Follow us on Google News
share

हल्द्वानी में नेशनल हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए एसओएस बूथ पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहे हैं। यात्रियों को आपातकालीन मदद देने के लिए बनाए गए ये बूथ काम नहीं कर रहे। एनएचएआई के अधिकारी ने कहा है कि बंद बूथों की जांच की जाएगी और उन्हें ठीक किया जाएगा।

तीनपानी से काठगोदाम हाईवे पर शो-पीस बने एनएचएआई के एसओएस बूथ

हल्द्वानी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन मदद के लिए तीनपानी से लेकर काठगोदाम हाईवे तक लाखों रुपये की लागत से लगाए गए एसओएस बूथ पूरी तरह शो-पीस साबित हो रहे हैं। आपके अपने अखबार ‘हिंदुस्तान’ टीम ने हाईवे पर अलग-अलग चार जगहों पर लगे एसओएस बूथों का रियलिटी चेक किया गया, जिसमें एक भी बूथ काम करता हुआ नहीं मिला। दुर्घटना या आपातकाल के समय राहगीरों को तुरंत मदद पहुंचाने का यह दावा जमीन पर पूरी तरह फेल नजर आ रहा है। इस मामले पर एनएचएआई के परियोजना निदेशक अचल जिंदल ने कहा कि बंद पड़े एसओएस बूथों की जांच कराई जाएगी और इन्हें जल्द दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक यह सेवा बहाल नहीं होती, तब तक लोग किसी भी आपातकालीन स्थिति में हाईवे हेल्पलाइन नंबर 1033 पर कॉल कर सकते हैं。

क्या है एसओएस बूथ सेवा

हाईवे पर सफर के दौरान आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए ये आधुनिक इमरजेंसी बूथ लगाए जाते हैं। कई बार हाईवे के कुछ हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क नहीं होता, या दुर्घटना के वक्त पीड़ित का मोबाइल गुम या क्षतिग्रस्त हो जाता है। ऐसे में यह बूथ सड़क किनारे फंसे यात्रियों के लिए लाइफलाइन का काम करते हैं। इन बूथों के जरिए राहगीर सीधे हाईवे कंट्रोल रूम से जुड़ जाते हैं। इसके माध्यम से किसी भी हादसे, गाड़ी खराब होने, मेडिकल इमरजेंसी या सुरक्षा से जुड़े खतरे की स्थिति में तुरंत एम्बुलेंस, क्रेन या पुलिस की मदद ली जा सकती है।

कैसे काम करती है तकनीक

सड़क किनारे लगे एसओएस बूथों को बेहद आसान और आधुनिक तकनीक से लैस किया जाता है ताकि कोई भी आम व्यक्ति इसका इस्तेमाल कर सके। बूथ पर एक प्रेस टू टॉक बटन होता है। इसे दबाते ही बिना किसी नंबर को डायल किए सीधे एनएचएआई के नजदीकी कंट्रोल रूम में कॉल लग जाती है। जैसे ही यूजर बटन दबाता है, कंट्रोल रूम के कंप्यूटर स्क्रीन पर उस एसओएस बूथ की सटीक लोकेशन फ्लैश हो जाती है। इससे कंट्रोल रूम को यह ढूंढना नहीं पड़ता कि दुर्घटना किस जगह हुई है। इन बूथों के ऊपर सोलर पैनल लगे होते हैं, जिससे ये 24 घंटे बिजली की सप्लाई न होने पर भी काम कर सकते हैं।

सामान्य प्रश्न

एसओएस बूथों का क्या कार्य है?
हाईवे पर सफर के दौरान आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए ये आधुनिक इमरजेंसी बूथ लगाए जाते हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।