मतदाता सूची मामले में सोनिया के खिलाफ 28 को सुनवाई
भारतीय नागरिकता मिलने से पहले मतदाता सूची में नाम शामिल होने के आरोप से जुड़े सोनिया गांधी मामले में राउज एवेन्यू की मजिस्ट्रेट अदालत नए सिरे से सुनवाई करेगी। अदालत ने 28 अक्टूबर की तारीख तय की है। सत्र अदालत ने पहले प्राथमिकी दर्ज करने की मांग खारिज करने वाला 2025 का आदेश रद्द करते हुए कहा था कि उसमें पर्याप्त कारण नहीं दिए गए थे।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता मिलने से पहले मतदाता सूची में शामिल होने के आरोप से जुड़े मामले में राउज एवेन्यू की मजिस्ट्रेट अदालत में नए सिरे से सुनवाई होगी। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद जोशी की कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए 28 अक्तूबर की तारीख तय की है। यह मामला सत्र अदालत के उस आदेश के बाद दोबारा मजिस्ट्रेट अदालत पहुंचा है, जिसमें सोनिया गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने से इनकार करने वाले वर्ष 2025 का आदेश रद्द कर दिया गया था। शिकायतकर्ता अधिवक्ता विकास त्रिपाठी ने मजिस्ट्रेट के आदेश को चुनौती दी थी।
विशेष जज विशाल गोगने की कोर्ट ने 21 सितंबर को पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए कहा था कि मजिस्ट्रेट का आदेश स्पष्ट कारणों के बिना पारित किया गया था। अदालत ने कहा कि शिकायत खारिज करने के पीछे पर्याप्त कारण दर्ज नहीं किए गए। इसलिए मामले पर नए सिरे से विचार जरूरी है।


