आईजीआरएस निस्तारण में जनपद पुलिस फिर प्रदेश में नंबर वन
सोनभद्र पुलिस ने लगातार दूसरी बार प्रदेश में जनशिकायतों के निस्तारण में पहला स्थान हासिल किया है। अगस्त में आईजीआरएस रैंकिंग में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में शिकायतों की प्रभावी मॉनिटरिंग और समय पर निस्तारण से यह सफलता संभव हुई।

सोनभद्र। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जनपद पुलिस ने लगातार दूसरी बार प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी अगस्त की आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) रैंकिंग में सोनभद्र पुलिस को 100 में 100 अंक मिले हैं। इससे पहले जुलाई में भी जनपद पुलिस प्रदेश में प्रथम रही थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में शिकायतों की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग को इस उपलब्धि का प्रमुख कारण बताया गया है। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का मौके पर सत्यापन, शिकायतकर्ताओं से संवाद और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया गया। जनपद के कुल 22 थानों में से 20 थानों ने 100 में 100 अंक प्राप्त किए।
लगातार दो माह प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करना सोनभद्र पुलिस की जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग को दर्शाता है।


