कश्मीर के सोनमर्ग में भारी हिमस्खलन, वीडियो देख सहम जाएंगे; दो दिन में दूसरी घटना
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के एक गांव में शनिवार को हिमस्खलन हुआ, लेकिन इसमें किसी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस खबर को सुनें
जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में शनिवार को एक भारी हिमस्खलन की तस्वीर कैमरे में कैद हो गई। लोकप्रिय हिल स्टेशन में पिछले दो दिनों में यह दूसरी घटना है। हिमस्खलन एक निर्माण कंपनी के बैरक के पास हुआ। घटना से वहां मौजूद श्रमिकों में भारी दहशत फैल गई। रिपोर्ट के मुताबिक, कम तीव्रता वाला हिमस्खलन सोनमर्ग के सरबल इलाके में आया। यहां हैदराबाद स्थित मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमईआईएल) की वर्कशॉप चल रही है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
गौरतलब है कि गांदेरबल जिले के सोनमर्ग में ही एक निर्माण कंपनी की साइट पर हुए हिमस्खलन में बृहस्पतिवार को किश्तवाड़ निवासी दो मजदूरों की मौत हो गई थी। ताजा मामला भी इसी इलाके है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बर्फ का बड़ा गुब्बार बैरक की ओर तेजी से आ रहा है, जिसे देखकर डरे हुए लोग चिल्लाते हुए बिल्डिंग की ओर भाग रहे हैं। कुछ ही सेकेंड में बर्फ की सूनामी बैरकों को पूरी तरह से घेर लेती है। जैसे ही हिमस्खलन गुजरता है, पूरा क्षेत्र तेज हवाओं के साथ बर्फ के घने कोहरे में डूब जाता है। वीडियो में एक शख्स बाकी लोगों से अपने दरवाजे न खोलने के लिए कहता है। वीडियो के अंत में, बैरकों की छतें पूरी तरह से बर्फ से ढकी हुई हैं।
जम्मू-कश्मीर के गुरेज में हिमस्खलन, 12 जिलों के लिए चेतावनी जारी
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के एक गांव में शनिवार को हिमस्खलन हुआ, लेकिन इसमें किसी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, एक दिन पहले ही मध्यम से भारी बर्फबारी के बाद बांदीपोरा समेत 12 जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि गुरेज के जुर्नियाल गांव में आज अपराह्न हिमस्खलन हुआ, लेकिन इसके कारण कोई नुकसान नहीं हुआ है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लिए ‘‘उच्च खतरे’’ वाले हिमस्खलन की चेतावनी जारी की, जबकि बांदीपोरा, बारामुला, डोडा, गांदेरबल, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और रियासी जिलों के लिए ‘‘मध्यम खतरे’’ के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
एसडीएमए के अधिकारियों ने कहा, ‘‘अगले 24 घंटे में कुपवाड़ा जिले के 2,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में उच्च-स्तरीय खतरे के साथ हिमस्खलन की आशंका है। अगले 24 घंटे में बांदीपोरा, बारामुला, डोडा, गांदेरबल, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और रियासी जिलों में 2,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ‘मध्यम खतरे’ के साथ हिमस्खलन होने की संभावना है।’’ अधिकारियों ने बताया कि अगले 24 घंटे में अनंतनाग, कुलगाम और राजौरी जिलों में 2,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन होने की संभावना है।