बेटे ने डंडे से ताबड़तोड हमलाकर पिता की कर दी हत्या
कानपुर देहात। देवराहट थाना क्षेत्र के जल्लापुर गांव के रहने वाले एक युवक ने रुपये देने से मना करने पर पिता पर डंडों से ताबड़तोड़ हमलाकर नृशंस हत्या कर दी।

कानपुर देहात। देवराहट थाना क्षेत्र के जल्लापुर गांव के रहने वाले एक युवक ने रुपये देने से मना करने पर पिता पर डंडों से ताबड़तोड़ हमलाकर नृशंस हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ व छानबीन की। जबकि फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जल्लापुर गांव के रहने वाले 55 साल के कृपाल मजदूरी करते थे। उनका पुत्र अखिलेश शराब पीने का आदी है। गुरुवार शाम को उसने पिता से रुपयों की मांग की। मना करने पर उसने जेवर देने का दबाव बनाया।
आरोप है कि पिता के मना करने से गुस्साए अखिलेश ने डंडे से पिता पर ताबड़तोड हमला कर दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। कृपाल की मौत से उनके घर में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी सोमवती पति की मौत से बदहवास हो गईं, जबकि पुत्र अरुण, चंद्रपाल, मुकेश व किशरवल रनियां से मायके आई मृतक की बहन रामवती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनके भाई प्रहलाद की सूचना पर एसओ देवराहट संजयदत्त वर्मा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ व छानबीन की। जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ देवराहट ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में रुपये के लेनदेन में विवाद के चलते घटना होने की बात सामने आई है। हमलावर पुत्र अखिलेश नशे का आदी बताया गया है। उसकी तलाश हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई होगी।


