पीडीए के संवैधानिक अधिकारों की हो रही अनदेखी : लौटनराम
समाजवादी पार्टी ने महराजगंज में पीडीए महापंचायत और निषाद संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लौटनराम निषाद ने भाजपा सरकार पर संविधान और आरक्षण के मुद्दों पर हमले किए। उन्होंने पिछड़े, दलितों को एकजुट होने और अधिकारों के लिए लड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद निषाद ने की।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। समाजवादी पार्टी की ओर से चेहरी में पीडीए महापंचायत व निषाद संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लौटनराम निषाद ने भाजपा सरकार पर संविधान, आरक्षण और सामाजिक हिस्सेदारी के मुद्दे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीडीए के संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। पिछड़े, दलित और अति पिछड़े समाज के लोगों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा पर छात्र, नौजवान और किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति से सावधान रहना होगा।
गैर-यादव पिछड़ी, अति पिछड़ी और दलित जातियों के लोगों को यादव समाज से ईर्ष्या करने के बजाय शिक्षा और आगे बढ़ने की प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। जो पढ़ेगा, वही बढ़ेगा।उन्होंने कहा कि मंडल कमीशन और ओबीसी आरक्षण का विरोध किसी मुसलमान ने नहीं किया। जातिगत जनगणना, समानुपातिक हिस्सेदारी, आरक्षण और प्रतिनिधित्व के मुद्दों पर सवाल करते हुए कहा कि यदि इन अधिकारों का विरोध मुसलमानों ने नहीं किया तो उन्हें पीडीए का दुश्मन कैसे बताया जा सकता है। जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि आठ अक्टूबर तक संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ और मतदाता अधिकारों से जुड़े अभियान में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद निषाद ने की। संयोजक मक्खू प्रसाद, दुर्गेश निषाद व शम्भू यादव रहे। संचालन विधानसभा अध्यक्ष नौशाद आलम ने व धन्यवाद ज्ञापन प्रणय गौतम ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक श्रीपत आजाद, वरुण कुमार खटीक, समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अमरजीत निषाद, पूर्व ब्लाक प्रमुख रामनिवास यादव, जिला महासचिव शमशुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव, श्रवण पटेल, महेंद्र मौर्य, हीरालाल भारती आदि मौजूद रहे।

