व्यापारियों के सम्मान के लिए संसद तक होगा संघर्ष: प्रदीप जायसवाल
- समाजवादी व्यापार सभा उ. प्र. के तत्वावधान में आजमगढ़ मंडल स्तरीय पीडीए व्यापारी सम्मेलन का आयोजन व्यापारियों के सम्मान के लिए संसद तक होगा संघर्ष: प्

मऊ, संवाददाता। समाजवादी व्यापार सभा उ. प्र. के तत्वावधान में रविवार को नगर पालिका कम्युनिटी हाल में आजमगढ़ मंडल पीडीए व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और हितों के संरक्षण को लेकर संघर्ष के लिए एकजुट होने पर आह्वान किया। पीडीए व्यापारी सम्मेलन के दौरान मऊ, आजमगढ़, बलिया के काफी संख्या में व्यापारी और सपा कार्यकर्ता शामिल रहे। मंडल स्तरीय पीडीए व्यापारी सम्मेलन को सम्बोधित करते हुएमुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है, इसलिए व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कहा कि छोटे, मध्यम और लघु व्यापारियों ने रोजगार सृजन के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बावजूद इसके आज व्यापारी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। कहा कि महंगाई, बाजार में घटती क्रय शक्ति, ऑनलाइन व्यापार की बढ़ती प्रतिस्पर्धा, जीएसटी से जुड़ी जटिलताएं, अधिकारियों की अनावश्यक जांच-पड़ताल, बढ़ते व्यावसायिक खर्च और व्यापारियों की सुरक्षा जैसे मुद्दे गंभीर हैं। इसलिए छोटे व्यापारियों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जिसमें वे बिना भय और अनावश्यक दबाव के अपना व्यापार कर सकें। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा व्यापारियों की समस्याओं को केवल मंच तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि व्यापारी हितों की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने पीडीए की विचारधारा के तहत समाज के सभी वर्गों के व्यापारियों को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ संगठनात्मक रूप से मजबूत होना होगा। जब व्यापारी एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएंगे, तभी उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बाजार एवं कस्बे स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक व्यापारियों को समाजवादी व्यापार सभा से जोड़ने पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा प्रदेश के प्रत्येक जिले में व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष कर रही है। सम्मेलन को प्रदेश सचिव मनीष गुप्ता, प्रदेश सचिव राजेश गुप्ता, प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया, प्रदेश सदस्य बनारसी वर्मा, बलिया जिलाध्यक्ष उमेश सर्राफ, आजमगढ़ जिलाध्यक्ष संदीप रजत सेठ ने सम्बोधित किया। अंत में आयोजक अभिषेक मद्धेशिया ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय, सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता, उमेश सर्राफ, संदीप रजत सेठ, बनारसी वर्मा ,मनीष साहू, हिमांशु गुप्ता, हरिद्वार राय, मुकेश मद्धेशिया, विकास मद्धेशिया, लालबिहारी गुप्ता, कालिंदी, पवन मद्धेशिया, भारद्वाज, हेमराज मद्धेशिया, सितारा यादव, रामप्रकाश यादव, शोभा सिंह यादव, उमेश यादव, हरेंद्र यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने किया।


