भाजपा सरकार में बेरोजगारी चरम पर : मिठाई लाल
आजमगढ़ में सपा के द्वारा 'संविधान व आरक्षण बचाओ' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मिठाई लाल भारती ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछड़ों और दलितों के आरक्षण की लूट कर रही है और सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की चर्चा की।

आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। सपा की तरफ से गुरुवार को समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी का संविधान व आरक्षण बचाओ पीडीए जन पंचायत कार्यक्रम हरबंशपुर में सुखदेव पहलवान तिराहा के पास स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि मिठाई लाल भारती ने कहा कि भाजपा की सरकार संविधान और लोकतंत्र विरोधी है।उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सभी सरकारी संस्थाओं चुनाव आयोग, कार्यपालिका, न्यायपालिका को गुलाम बनाकर लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। भाजपा चुनाव आयोग, न्यायालयों के माध्यम से बाबा साहब के द्वारा दिए गए संविधान में प्राविधानों को धत्ता बताकर जनता के अधिकारों को खत्म कर रही है।
बाबा साहब ने कुर्बानियां देकर इस देश में संविधान बनाया। जिसमें करोड़ों लोगों को जीने का अधिकार मिला था। उनको नौकरी व आरक्षण के माध्यम से सत्ता में भागीदारी और नौकरियां मिली थीं, लेकिन आज भाजपा की सरकार में पिछड़ों, दलितों के आरक्षण की लूट हो रही है। पीडीए के लोगों पर अत्याचार बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी चरम सीमा पर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही एक ऐसे नेता हैं जो बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी के मिशन, डॉक्टर राम मनोहर लोहिया के मिशन, कांशीराम व मुलायम सिंह यादव के सामाजिक न्याय के सपने को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अध्यक्षता बाबा साहब वाहिनी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार गौतम और संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव विधायक, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, बेचई सरोज, पूजा सरोज, डॉ एचएन सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली, पूर्व मंत्री डॉ रामदुलार राजभर, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, जय राम सिंह पटेल, दुर्ग विजय राम आदि ने संबोधित किया।


