तहसीलदार ने अपनी गाड़ी से पीड़ित को पहुंचाया अस्पताल
उमरी बेगमगंज में बाढ़ के दौरान ग्रामीणों के लिए सांपों का खतरा बढ़ गया है। माझा क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दो सर्पदंश की घटनाएँ हुईं। राजित राम को सांप ने काटा, और राहत कार्य के दौरान तहसीलदार ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया। वहीं, विजय चौहान की बेटी भावना को भी सांप ने काट लिया।

उमरी बेगमगंज, संवाददाता। बाढ़ के पानी के बीच सांपों का खतरा भी ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। माझा क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर सर्पदंश की दो घटनाएं सामने आईं। परास पट्टी मझवार निवासी राजित राम (35) शनिवार को बाढ़ के पानी से घिरे अपने घर में छप्पर के नीचे चारपाई पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान छप्पर में रखा सामान निकालने के लिए जैसे ही उन्होंने हाथ बढ़ाया, वहां छिपे सांप ने उन्हें डस लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी। क्षेत्रीय लेखपाल पंकज सैनी ने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी। उस समय ऐली-परसौली बाढ़ चौकी पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी।
बाढ़ प्रभावितों को लंच पैकेट बांट रहे तहसीलदार आशुतोष पांडे को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया। अपनी सरकारी गाड़ी से राजित राम को तत्काल सीएचसी तरबगंज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। वहीं जबरनगर निवासी विजय चौहान की 13 वर्षीय बेटी भावना को घर में सोते समय सांप के काट लेने का मामला सामने आया है ।


