ब्रेक बाइंडिंग से पहिये में धुआं, 20 मिनट रुकी विभूति एक्सप्रेस
गाजीपुर के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह विभूति एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहिये में ब्रेक बाइंडिंग से धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन 20 मिनट तक जांच के बाद स्टेशन पर खड़ी रही और मरम्मत के बाद आगे रवाना हुई। यातायात निरीक्षक ने बताया कि अब परिचालन सामान्य है।

गाजीपुर (दिलदारनगर)। दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह ट्रेन नंबर 13047 अप विभूति एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहिये में ब्रेक बाइंडिंग होने से धुआं निकलने लगा। धुआं उठता देख यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन सुबह करीब 7:19 बजे प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची और जांच व मरम्मत के कारण 7:39 बजे तक करीब 20 मिनट खड़ी रही। रेल कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद स्टेशन के पोर्टर, चालक, गार्ड और आरपीएफ कर्मी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पहिये में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या सामने आई, जिसे ठीक करने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।बताया गया कि हावड़ा से प्रयागराज जा रही विभूति एक्सप्रेस भदौरा स्टेशन के पास पहुंची थी, तभी एक यात्री ने चेन पुलिंग कर दी।
कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन आगे बढ़ी। इसी दौरान जनरल कोच के पहिये में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं निकलने लगा। चालक ने सावधानी बरतते हुए ट्रेन को दिलदारनगर स्टेशन पहुंचाया। यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मरम्मत के बाद परिचालन सामान्य कर दिया गया।


