राखी निर्माण को लेकर एसएचजी की महिलाओं को मिला प्रशिक्षण
चाईबासा में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को राखी निर्माण का दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। महिलाएं विभिन्न तकनीकें और नए व्यावसायिक कौशल सीख रही हैं। इस पहल का उद्देश्य उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में बढ़ावा देना है।

चाईबासा, संवाददाता। स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं के कौशल विकास एवं आयवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें राखी निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चाईबासा सदर प्रखंड अंतर्गत कमारहातु क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) में दो दिवसीय राखी निर्माण प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षक द्वारा सीएलएफ से जुड़ी महिलाओं को राखी निर्माण की विभिन्न तकनीक, आकर्षक डिजाइन, सजावट एवं बेहतर फिनिशिंग की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने विभिन्न प्रकार की राखी तैयार करने की तकनीकों का अभ्यास किया तथा गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक राखी निर्माण के गुर सीखे। आगामी रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को राखी निर्माण के माध्यम से स्वरोजगार एवं आयवर्धन से जोड़ना है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाओं अपने स्तर पर राखी का उत्पादन कर स्थानीय बाजार में इसकी बिक्री कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगी। यह पहल स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उनके पारंपरिक कौशल के साथ-साथ नए व्यावसायिक कौशल से जोड़ते हुए स्वावलंबन एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर उत्पाद तैयार कर बाजार की मांग के अनुरूप उसे विकसित करने का अवसर भी प्राप्त होगा।


