क्षेत्री मेडिटेरेनियन गेम्स में अंतरराष्ट्रीय जज नियुक्त
देहरादून के पौड़वाला निवासी एसके क्षेत्री को वर्ल्ड बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा 2026 मेडिटेरेनियन गेम्स के लिए अंतरराष्ट्रीय जज नियुक्त किया गया है। यह प्रतियोगिता इटली के ट्रेंटो में होगी, जिसमें 26 देशों के पांच हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। क्षेत्री का चयन भारतीय मुक्केबाजी में उनके योगदान को दर्शाता है।
देहरादून। पौड़वाला, सेलाकुई निवासी एसके क्षेत्री को वर्ल्ड बॉक्सिंग एसोसिएशन ने इटली के ट्रेंटो में होने वाले 2026 मेडिटेरेनियन गेम्स के लिए अंतरराष्ट्रीय जज नियुक्त किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बॉक्सिंग मुकाबलों में रेफरी-जज की जिम्मेदारी मिलना क्षेत्री के साथ ही उत्तराखंड और भारतीय मुक्केबाजी के लिए बड़ी उपलब्धि है। मेडिटेरेनियन गेम्स का आयोजन 21 अगस्त से तीन सितंबर 2026 तक इटली के ट्रेंटो में होगा। प्रतियोगिता में 28 खेलों में यूरोप, एशिया और अफ्रीका के भूमध्यसागरीय क्षेत्र से जुड़े देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसमें 26 देशों के पांच हजार से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। बॉक्सिंग प्रतियोगिताएं 22 से 27 अगस्त तक आयोजित होंगी।
इन मुकाबलों में एसके क्षेत्री अंतरराष्ट्रीय रेफरी-जज के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। वर्ल्ड बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से इस जिम्मेदारी के लिए उनका चयन भारतीय मुक्केबाजी में उनके अनुभव और योगदान को भी दर्शाता है।


