छह बहनें हुईं बेसहारा, पिता-माता के बाद दादी का भी उठा साया, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
ग्राम सींगपुरा में विजय सिंह बरार की छह बहनें अपने माता-पिता और दादी के निधन के बाद बेसहारा हो गई हैं। सबसे बड़ी बहन अंजली ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है, क्योंकि उनका कच्चा घर बारिश के बाद जर्जर हो गया है और उन्हें भरण-पोषण की चिंता है।

जालौल, संवाददाता ग्राम सींगपुरा में छह बहनें बेसहारा हो गई हैं। पहले पिता और मां की मृत्यु हुई और अब दादी का भी साया सिर से उठ गया है। बेसहारा बहनों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सींगपुरा निवासी विजय सिंह बरार का वर्ष 2023 में बीमारी के चलते निधन हो गया था। उनकी छह बेटियां हैं, जिनमें सबसे बड़ी अंजली 14 वर्ष, दिव्या 12 वर्ष, प्रतिज्ञा 10 वर्ष, शिवानी 8 वर्ष और दो छोटी बेटियां शामिल हैं। पिता मजदूरी कर कच्चे मकान में परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन उनके निधन के बाद मां रामसिया ने बेटियों की जिम्मेदारी उठानी चाही, लेकिन एक माह बाद ही उनका भी निधन हो गया।
माता-पिता के बाद बेटियों का एकमात्र सहारा उनकी दादी थीं। दादी किसी तरह बेटियों का पालन-पोषण कर रही थीं, लेकिन रविवार को उनका भी देहांत हो गया। दादी के देहांत के बाद सभी बच्चियां पूरी तरह बेसहारा हो गई हैं। अंजली ने बताया कि अब घर में कोई नहीं बचा है, वह और उसकी बहनें ही बची हैं। घर भी कच्चा है और बारिश के बाद जर्जर हो चुका है। अब पेट पालने की चिंता सता रही है। उसने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है ताकि उसका और उसकी बहनों का भरण-पोषण हो सके।


