अनियंत्रित होकर पलटा टेंपों, छह श्रद्धालु घायल
बागपत में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरा टेंपो बाइक को बचाने के प्रयास में पलट गया। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है। सभी की हालत अब ठीक है।

बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बाइक बचाने के प्रयास में श्रद्धालुओं से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में छह श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दिल्ली के छतरपुर के भाटी एक्सटेंशन निवासी फूल कुमारी ने बताया कि दो दिन पहले बेटी संजना, साक्षी, पति मनोज, आदित्य के साथ संतोष कुमार के टेंपो से हरिद्वार गंगा स्नान करने गए थे। सोमवार को सभी हरिद्वार से घर लौट रहे थे। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जैसे ही उनका टेंपो नैथला मोड के पास पहुंचा तो एक बाइक सवार अचानक टेंपों के सामने आ गया।
उसे बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक समेत सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि घायलों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत ठीक है। अभी तक घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


