शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए छह शिक्षक सम्मानित
गुरुग्राम में शिक्षक दिवस पर शनिवार को छह शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षकों को प्रमाणपत्र, एक लाख रुपये नकद और अन्य सुविधाएँ प्रदान कीं। इसमें भोंडसी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य श्याम कुमार की प्रमुख उपलब्धियां शामिल हैं, जिनमें 100 प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम शामिल हैं।

गुरुग्राम, साक्षी रावत। शिक्षक दिवस पर शनिवार को गुरुग्राम के छह शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पंचकूला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। प्रदेश में वर्ष 2024 के लिए 40 और वर्ष 2025 के लिए 38, कुल 78 शिक्षकों का चयन किया गया था। सम्मान के तहत शिक्षकों को एक लाख रुपये नकद, सिल्वर मेडल, प्रमाणपत्र और दो एडवांस इंक्रीमेंट दिए जाएंगे। गुरुग्राम की सूची में भोंडसी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के तीन शिक्षक शामिल रहे। इनमें गुरुग्राम के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, के प्रधानाचार्य श्याम कुमार का चयन वर्ष 2024 के राज्य शिक्षक सम्मान के लिए हुआ।
उनकी प्रमुख उपलब्धि पिछले छह वर्षों से कक्षा 10वीं और 12वीं का 100 प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम तथा हर साल करीब एक-तिहाई विद्यार्थियों का मेरिट में स्थान बनाना है। उनके कार्यकाल में वर्ष 2021-22 में नामांकन में 42 प्रतिशत वृद्धि हुई और इसके बाद भी वृद्धि जारी रही। स्कूल को जिला स्तरीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार भी मिला। श्याम कुमार ने समुदाय के सहयोग से आधुनिक पुस्तकालय, वाई-फाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, खेल मैदान, मंच, मुख्य द्वार, मिड-डे मील शेड और आरओ की सुविधा विकसित कराई। उन्होंने ‘आओ सीखें खेल-खेल में’ पुस्तक भी तैयार कराई, जिसकी एक हजार प्रतियां शिक्षकों को निशुल्क वितरित की गईं।वहीं, पीजीटी संस्कृत सुनील यादव, पीजीटी गणित विजय कुमार और पूर्व प्रिंसिपल डॉ. श्याम राघव शामिल हैं। सुनील यादव ने स्कूल में शैक्षणिक माहौल के साथ स्मार्ट कक्षाओं, अतिरिक्त शौचालय, गार्डन और मुख्य द्वार जैसी सुविधाओं के विकास में योगदान दिया। विजय कुमार ने गणित को विद्यार्थियों के लिए आसान बनाने के लिए सरल उदाहरणों और नए तरीकों का इस्तेमाल किया। डॉ. श्याम राघव के कार्यकाल में स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था और परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने पर विशेष जोर रहा। इसके अलावा शिवाजी नगर स्थित गवर्नमेंट मिडिल स्कूल की बीरमती और भीमगढ़ खेड़ी स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृत प्राइमरी स्कूल के हितेश मेहरा का चयन वर्ष 2025 के पुरस्कार के लिए हुआ है। वहीं सराय अलावर्दी स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सोनू कुमार को भी वर्ष 2024 के राज्य शिक्षक सम्मान से नवाजा गया।


