ट्रक के इंजन में छह फीट लंबा अजगर फंसा
फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर एक ट्रक के इंजन में करीब छह फीट लंबा अजगर फंसा हुआ मिला। लोगों ने तुरंत वन्य एवं प्राणी जीव विभाग को सूचित किया, लेकिन 20 मिनट तक कोई मदद नहीं आई। अंत में, रस्सी बांधकर अजगर को बाहर निकाला गया और उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड स्थित पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने पहुंचे एक ट्रक के इंजन में करीब छह फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। इससे लोगों में डर का माहौल बन गया। लोगों ने तत्काल वन्य एवं प्राणी जीव विभाग को सूचना देकर मदद मांगी, लेकिन 20 मिनट तक कोई सहायता नहीं मिल सकी। अजगर इंजन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसके कारण उसे आसानी से निकालना संभव नहीं हो पा रहा था। अंत में अजगर के पिछले हिस्से में रस्सी बांधकर उसे खींचकर बाहर निकाला गया।
घटना का विवरण
एक चालक अपने ट्रक में सीएनजी भरवाने के लिए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा। सीएनजी भरवाने के दौरान उसे इंजन से काफी तेज आवाज सुनाई दी। बोनट खोलकर देखा तो एक अजगर इंजन में बुरी तरह फंसा हुआ था और आवाज कर रहा था। ट्रक के इंजन में अजगर फंसे होने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई। उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने शुरुआत में उसे हाथ से निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अजगर के पिछले हिस्से में रस्सी बांधकर उसे खींचना पड़ा। अजगर इतनी बुरी तरह फंसा हुआ था कि रस्सी उसके लिए फंदा बन गई। जैसे-तैसे उसे ट्रक से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे रस्सी से घसीटकर अरावली के जंगल में छोड़ दिया गया। जंगल में छोड़ने से पहले लोगों ने लाठी-डंडों से उसका मुंह दबाया और रस्सी खोल दी।
विभाग की प्रतिक्रिया
विभाग के पास कोई फोन नहीं आया था। इस घटना की जानकारी भी नहीं है। जंगल के आसपास के रिहायशी क्षेत्रों और सड़क किनारे अजगर दिखाई देते हैं। ऐसे में लोगों को सबसे पहले विभाग को सूचित करना चाहिए, जिससे समय पर टीम पहुंच सके। वर्षा के दिनों में जंगली जीव अधिक बाहर निकलते हैं। ऐसे में लोगों को भी सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
-हंसराज, इंस्पेक्टर, वन्य एवं प्राणी जीव विभाग।
----

