बीसीसीएल के सुरक्षा कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण
धनबाद में बीसीसीएल के सुरक्षा कर्मियों के लिए 6-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं, आकस्मिक मामलों में कार्य करने की जानकारी एवं आत्मरक्षा के पहलुओं पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसमें बीसीसीएल के सुरक्षा सलाहकार ने भी मार्गदर्शन किया।

धनबाद, विशेष संवाददाता। बीसीसीएल की विभिन्न इकाइयों, खनन क्षेत्रों, क्षेत्रीय कार्यालयों, पंपिंग स्टेशनों, लोडिंग प्वाइंट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों के सुरक्षा कर्मियों के सशक्तीकरण व क्षमता-विकास के उद्देश्य से कल्याण भवन (एचआरडी) में 6-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सुरक्षा कर्मियों को उनके दायित्वों, अधिकारों, सुरक्षा संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं तथा आकस्मिक परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक व सैद्धांतिक जानकारी दी जा रही है। पूर्व आईजी सह बीसीसीएल के वरीय सुरक्षा सलाहकार विपुल शुक्ला ने निजी प्रतिरक्षा का वैधानिक अधिकार विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कर्तव्य व अधिकार, भारतीय न्याय संहिता के प्रमुख प्रावधानों, कानून के प्रति सजगता तथा विधि-सम्मत तरीके से उसके उचित अनुपालन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
साथ ही भीड़ नियंत्रण, आत्मरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य विषयों पर भी प्रशिक्षित किया। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल में पर्याप्त विभागीय सुरक्षा बल उपलब्ध हैं। उनके निरंतर प्रशिक्षण एवं सशक्तीकरण से कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकता है। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (एचआरडी) सुधाकर प्रसाद, महाप्रबंधक (सिक्योरिटी), हाफिजुल कुरैशी, मुख्य प्रबंधक (खनन/एचआरडी) राधे श्याम दुबे सहित एचआरडी के अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।


