हिमांशु हत्याकांड में दो और आरोपी जेल भेजे गए, अब तक 16 की हुई है गिरफ्तारी
बिष्टूपुर स्थित डीडी बार एंड कैफे के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में विशेष जांच दल ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 16 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बिष्टूपुर स्थित डीडी बार एंड कैफे के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या में विशेष जांच दल एसआईटी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में राघवेन्द्र उर्फ रवीन्द्र और गणेश मछुआ शामिल हैं। हत्याकांड में अबतक कुल 16 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि राघवेन्द्र घटना के समय डीडी बार के आसपास मौजूद था। जांच के दौरान उसका मोबाइल लोकेशन घटनास्थल और थाना क्षेत्र के आसपास मिला, जिसके आधार पर उससे पूछताछ की गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, दूसरे आरोपी गणेश मछुआ को कदमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गणेश अवैध शराब कारोबार से जुड़ा है और उसने इस मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा को फरारी के दौरान अपने अवैध शराब भट्ठी में छिपाकर रखा था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह बोदरा को अपनी स्कूटी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने में मदद करता था। पुलिस ने उसकी स्कूटी भी जब्त कर ली है, जिसका उपयोग फरारी के दौरान किए जाने की आशंका है। सिटी एसपी ने बताया कि मामले में प्रारंभिक प्राथमिकी में 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था, लेकिन अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई। इस वजह से गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


