इतनी उम्र में कैसे IVF से बनीं मां? सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई पर केंद्र ने पंजाब सरकार से पूछा

Mar 20, 2024 02:22 pm ISTAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

राज्य सरकार को निर्देश दिया गया है कि वह इस मामले को देखे और असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजीज (रेगुलेशन) एक्ट, 2021 के अनुसार इस मामले में की गई कार्रवाई पर विभाग को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

इतनी उम्र में कैसे IVF से बनीं मां? सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई पर केंद्र ने पंजाब सरकार से पूछा

लोकप्रिय दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर ने रविवार को एक नन्हे मेहमान को जन्म दिया। अब इस बच्चे का जन्म विवादों में घिर गया है। केंद्र सरकार ने इन विट्रो फर्टिलाइजेशन यानी आईवीएफ विधि के माध्यम से गर्भ धारण करने की आयु सीमा का मुद्दा उठाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निदेशक एस के रंजन ने 14 मार्च को पंजाब सरकार के प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में राज्य सरकार को निर्देश दिया गया है कि वह इस मामले को देखे और असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजीज (रेगुलेशन) एक्ट, 2021 के अनुसार इस मामले में की गई कार्रवाई पर विभाग को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने अपने पत्र में कहा कि उनके विभाग को एक समाचार रिपोर्ट मिली है जिसमें कहा गया है कि मूसेवाला की मां चरण कौर ने 58 साल की उम्र में गर्भ धारण किया। उन्होंने इसके लिए आईवीएफ ट्रीटमेंट का सहारा लिया। इसमें कहा गया है कि असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजीज (रेगुलेशन) एक्ट, 2021 के तहत महिला के लिए निर्धारित आयु सीमा 21-50 वर्ष के बीच है। आसान शब्दों में कहें तो असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी जैसे की IVF के जरिए बच्चा पैदा करने की एक निश्चित उम्र निर्धारित की गई। ये उम्र 21-50 वर्ष है। 

द इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने भी बच्चे के लिए आईवीएफ तकनीक को चुना था और इस प्रक्रिया के लिए वे विदेश गए थे। दूसरी बार पैरेंट बनने के कुछ दिनों बाद, बलकौर सिंह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पंजाब सरकार उनके बच्चे की वैधता के बारे में सवाल करके उन्हें परेशान कर रही है। उन्होंने कहा था कि जिला प्रशासन उनसे दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कह रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि उन्हें अपने नवजात शिशु के दस्तावेज देने के लिए समय दिया जाए।

 मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर बेटे के जन्म की घोषणा की और कहा कि उनकी पत्नी चरण कौर ने मूसेवाला के छोटे भाई को जन्म दिया है। बलकौर सिंह ने पंजाबी भाषा में अपने पोस्ट में कहा, ‘‘शुभदीप को चाहने वाले लाखों-करोड़ों लोगों के आशीर्वाद से ईश्वर ने हमें शुभ का छोटा भाई दिया है। जच्चा-बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ हैं और मैं सभी शुभचिंतकों के असीम प्रेम के लिए उनका आभारी हूं।’’

बलकौर ने अपनी पोस्ट में नवजात को गोद में लिए हुए अपनी एक तस्वीर भी साझा की। सूत्रों के मुताबिक बलकौर सिंह (60) और उनकी पत्नी चरण कौर (58) ने बच्चे के जन्म के लिए आईवीएफ तकनीक की मदद ली थी। मूसेवाला की 29 मई, 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गायक-रैपर मूसेवाला ने 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।