40% छात्रों का नहीं बन पाया है अपार आईडी
सिमडेगा में विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का कार्य जारी है, लेकिन 40 प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीकरण अभी बाकी है। शिक्षा विभाग के अनुसार, तकनीकी समस्याएं और आधार कार्ड का सही लिंक न होना मुख्य बाधाएं हैं। उद्देश्य है सभी विद्यार्थियों की आईडी जल्द तैयार करना, जो भविष्य में शैक्षणिक प्रक्रियाओं में उपयोग होगी।

सिमडेगा, प्रतिनिधि। जिले में विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का कार्य जारी है। लेकिन अब भी सभी बच्चों का पंजीकरण पूरा नहीं हो पाया है। शिक्षा विभाग के अनुसार अब तक जिले के करीब 70 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बन चुका है। जबकि 40 प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीकरण अभी बाकी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अपार आईडी बनाने में सबसे बड़ी बाधा कई विद्यार्थियों के आधार कार्ड का सही तरीके से लिंक या अपडेट नहीं होना है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर तकनीकी समस्याएं और सर्वर संबंधी दिक्कतें भी कार्य की गति को प्रभावित कर रही हैं।
जिन विद्यार्थियों के आधार की जानकारी सही है उनकी आईडी तेजी से बनाई जा रही है। बताया गया कि अपार आईडी 12 अंकों का एक डिजिटल पहचान नंबर है, जो विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शैक्षणिक पासपोर्ट की तरह कार्य करेगा। भविष्य में बोर्ड परीक्षाओं, छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा में नामांकन तथा अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में इसका उपयोग किया जाएगा। शिक्षा विभाग विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करने के साथ-साथ आधार संबंधी त्रुटियों को दूर कराने का भी प्रयास कर रहा है। ताकि शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी जल्द तैयार की जा सके।-


