न्याय व्यवस्था में हिंदी को मिले तवज्जो
मुजफ्फरपुर, एसकेजे लॉ कॉलेज में हिंदी दिवस पर एनएसएस द्वारा संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. राजीव कुमार झा ने न्याय व्यवस्था में हिंदी के महत्व पर बल दिया और कहा कि आमलोगों तक न्याय को सरल भाषा में पहुंचाना आवश्यक है। अन्य वक्ताओं ने भी हिंदी के प्रयोग पर विचार प्रस्तुत किए।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। एसकेजे लॉ कॉलेज में सोमवार को हिन्दी दिवस पर एनएसएस की तरफ से भारतीय न्याय व्यवस्था में हिंदी की प्रासंगिकता विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एलएस कॉलेज के हिन्दी के प्राध्यापक प्रो. राजीव कुमार झा ने कहा कि न्याय व्यवस्था में हिंदी को वह तवज्जो नहीं मिल पाती, जिसकी वह हकदार है। आमलोगों तक न्याय को सहज और सरल भाषा में पहुंचाने के लिए न्यायिक क्षेत्र में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है। भाषा और न्याय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से आम नागरिकों को न्यायिक प्रक्रिया को समझने में अधिक सुविधा होगी।
कार्यक्रम के अन्य विचारक
इस अवसर पर महाविद्यालय के निदेशक प्रो. जयंत कुमार, प्राचार्य डॉ. केकेएन तिवारी, डॉ. एसपी चौधरी, डॉ. पंकज कुमार एवं प्रो. आरए सहाय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने न्यायिक एवं विधिक शिक्षा के क्षेत्र में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की आवश्यकता पर बल दिया। विद्यार्थियों ने भी हिंदी के महत्व एवं न्याय व्यवस्था में इसके प्रयोग से संबंधित विषयों पर अपने विचार एवं प्रश्न प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का सफल आयोजन
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सामाजिक गतिविधि सेल के संयोजक प्रो. बीएम दीक्षित, महाविद्यालय के प्रशासक डॉ. रत्नेश कुमार, डॉ. आशुतोष कुमार, डॉ. अर्चना अनुपम, अंकेश सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मानवेंद्र त्रिपाठी ने किया।


