सावन में जेठ जैसी तपिश, सूख रही धान की फसलें
हिन्दुस्तान, सिद्धार्थ
सिद्धार्थनगर में सावन का महीना चलने के बावजूद गर्मी बढ़ गई है। तेज धूप और उमस से लोग परेशान हैं। बारिश का अभाव होने से धान की फसल सूखने लगी है, जिससे किसानों की चिंताएँ बढ़ रही हैं। जिले में अब तक 32 फीसदी कम बारिश हुई है। उम्मीद है कि गुरुवार से मानसूनी गतिविधियाँ सक्रिय होंगी।

सिद्धार्थनगर। सावन का महीना चल रहा है, लेकिन तराई में मौसम का मिजाज जेठ जैसा बना हुआ है। सुबह से ही तेज धूप खिल जा रही है। दिन चढ़ने के साथ धूप की तल्खी और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। घर से लेकर बाहर तक गर्मी से लोग बेहाल रह रहे हैं। बारिश के अभाव में खेतों में खड़ी धान की फसल सूखने लगी है। इससे किसानों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। जिले में अब तक सामान्य से 32 फीसदी कम बारिश हुई है। राज्य कृषि मौसम केन्द्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तराई में गुरुवार से मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने के आसार हैं।
इसके बाद अगले दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रह सकती है।


