नीट में पूर्णिया के भाई-बहन को एक साथ मिली सफलता
-17purn10-नीट परीक्षा में उत्तीर्ण पूर्णिया के भाई-बहन आयुष आर्य और इवाना आर्या अपने माता-पिता के साथ। पूर्णिया, वरीय संवाददाता। एक साथ डबल धमाका। एक

पूर्णिया, वरीय संवाददाता। एक साथ डबल धमाका। एक घर में दो बच्चों को एक साथ सफलता। नीट परीक्षा में पूर्णिया के भाई-बहन को एक साथ कामयाबी मिली है। भाई आयुष आर्य और बहन इवाना आर्या ने अपनी लगन और मेहनत के बलबूते यह कामयाबी पायी है। हालांकि, इसके पीछे मां का त्याग भी कम नहीं। उच्च तालीम हासिल करने वाली मां ने बच्चों के लिए नौकरी भी ठुकरा दिया। मां अंजु देवी के सानिध्य में पढ़कर आर्य और आर्या ने सफलता की कहानी लिखी। पिता चंदन कुमार बैंक मैनेजर हैं, जबकि दादा नंदकिशोर यादव सेवानिवृत्त प्रिंसिपल हैं। शिवाजी कॉलोनी में उनका घर है। दादी मंजू देवी भी अपने पोते-पोती को मिली सफलता से गदगद हैं।
मां ने दोनों बच्चों को पढ़ाया, बेटे को 287 तो बेटी को 2071 रैंक :
--
-मां की गाइड लाइन पर चलते हुए आयुष और इवाना को सफलता मिली। उनकी माता अंजु बीएड, एमएड और पीजी हैं। मां ही दोनों बच्चों को पढ़ाती थी। माता की देखरेख में दोनों बच्चों ने दिन-रात कर दिया। हर कुछ का रुटीन था। पढ़ने से लेकर खेलने तक का। आयुष को आल इंडिया रैंक 287 व जनरल कटेगरी में 181 और इवाना को आल इंडिया रैंक 4427 व जनरल कटेगरी में 2071 रैंक प्राप्त हुआ है।
पिता बोले : आयुष एम्स में करेगा पढ़ाई, इवाना पीएमसीएच में :
--
-पिता चंदन कुमार पूर्णिया में भट्ठा बाजार में कैनरा बैंक में कार्य करते हैं। बच्चों की कामयाबी से वह खुश हैं। वह सफलता का सारा श्रेय बच्चों की मेहनत के साथ अपनी पत्नी को देते हैं। वह कहते हैं कि मां की देखरेख में ही दोनों बच्चों ने पढ़ाई कर यह सफलता पायी है। आयुष अब एम्स में मेडिकल की पढ़ाई पूरी करेगा जबकि बेटी इवाना पीएमसीएच में पढ़ाई पूरी करेगी।
कोई शार्टकट नहीं एक-एक विषय की डिटेल स्टडी :
--
-आयुष और इवाना ने सफलता के लिए डिटेल स्टडी की। शार्टकट तरीका नहीं अपनाया। फिजिक्स, कैमेस्ट्री और बॉयोलॉजी सभी सब्जेक्ट को साधा। कहीं दिक्कत होती थी तो माता ने गुरु बनकर उनकी दुविधा को दूर किया। बच्चों की इस सफलता से परिवार में खुशी है। वही पूर्णिया समेत पूरे बिहार में भाई-बहन को एक साथ मिली कामयाबी पर लोग सराहना कर रहे हैं।


