पौधरोपण कर उसमें राखी बांध लिया रक्षा का संकल्प
शुक्रवार को सीबीगंज में भाई-बहनों ने 'पेड़ सदा होते सुखदाई राखी बांध बनाएं भाई' के स्लोगन के साथ पौधरोपण किया। इसमें 250 से अधिक फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया, ताकि रक्षाबंधन की स्मृतियों को संजोया जा सके। डीएफओ दीक्षा भंडारी ने बताया कि अभियान अंतर्गत पूरे प्रदेश में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।

‘पेड़ सदा होते सुखदाई राखी बांध बनाएं भाई’, स्लोगन के साथ शुक्रवार को भाई-बहन पौधरोपण (रक्षाबंधन वाटिका) सीबीगंज में स्थापित की गई। एक पेड़ मां के नाम 3.0 अभियान के तहत भाई-बहन के पवित्र प्रेम के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने के लिए विशेष पौधरोपण किया गया। सीबीगंज की खाली जगह पर वन विभाग की टीम ने स्कूली बच्चों के साथ पौधरोपण किया। बच्चों ने पौधे लगाने के बाद उन्हें राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। डीएफओ दीक्षा भंडारी ने बताया कि हरीतिमा जन अभियान कार्यक्रम के तहत पूरे प्रदेश में शुक्रवार को रक्षाबंधन वाटिका स्थापित की जानी थी।
वन विभाग की सीबीगंज में पड़ी जगह पर स्कूली बच्चों के साथ 250 से अधिक फलदार, छायादार व लंबी आयु के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में भाई-बहनों द्वारा एक दूसरे की लंबी आयु की कामना के साथ पौधरोपण किया गया। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में हरीतिमा के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। डीएफओ ने बताया कि अभी एक पेड़ गुरु के नाम पौधरोपण किया जाना है। पौधरोपण में क्षेत्रीय वन अधिकारी वैभव चौधरी, डिप्टी रेंजर हरेंद्र गंगवार, वन दरोगा सीएम शर्मा, योगिता कौशल समेत अन्य रहे।


