बिष्टूपुर में 18 से 20 सितंबर तक होगा श्री गौ कृपा कथा महोत्सव
जमशेदपुर में 18 से 20 सितंबर तक श्री गौ कृपा कथा महोत्सव का आयोजन होगा। यह महोत्सव गौ माता की आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सेवा-परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। कथा में स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज गौ-महिमा एवं संस्कृति के संदेश देंगे।

भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में पूजनीय गौ माता की आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सेवा-परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जमशेदपुर में 18 से 20 सितंबर तक श्री गौ कृपा कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन अपराह्न चार से शाम सात बजे तक बिष्टूपुर स्थित नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल के कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में होगी। महोत्सव का आयोजन ध्यान फाउंडेशन गौशाला चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन एवं श्री गोपाल परिवार सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय कथा महोत्सव में व्यासपीठ पर 31 वर्ष से अनवरत चल रही गौ पर्यावरण एवं अध्यात्म चेतना पदयात्रा के प्रणेता, भैरव उपासक ग्वाल संतश्री गोपालाचार्य स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज विराजमान होंगे। वे श्रद्धालुओं को गौ-महिमा एवं सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक संदेश से अवगत कराएंगे। परम पूज्य स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज ने गौ-सेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार को अपने जीवन का ध्येय बनाया है। राजस्थान की ऐतिहासिक भूमि हल्दीघाटी से प्रारंभ हुई उनकी 31 वर्षीय गौ पर्यावरण एवं अध्यात्म चेतना पदयात्रा का संकल्प देश के हजारों गांवों, नगरों एवं शहरों तक गौ-संरक्षण, गौ-सेवा, पर्यावरण और अध्यात्म का संदेश पहुंचाना है। पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष मंटू अग्रवाल ने बताया कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान अत्यंत पवित्र एवं पूजनीय है। श्रीमद्भागवत महापुराण सहित विभिन्न पुराणों एवं धर्मग्रंथों में गौ-महिमा का विस्तार से वर्णन मिलता है。
चाकुलिया में 25 हजार से अधिक गौवंश की सेवा
ध्यान फाउंडेशन की ओर से पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में संचालित विशाल गौशाला में 25 हजार से अधिक गौवंश की सेवा, सुरक्षा, चिकित्सा एवं देखभाल की जा रही है।


