रंगदारी और वर्चस्व में तड़तड़ाई गोलियां, युवक के हाथ में लगी
- अयोध्या रोड पर तिवारीगंज में हुई घटना, एक नामजद व आठ अज्ञात पर मुकदमा

अयोध्या रोड पर तिवारीगंज में बुधवार देर रात रंगदारी और वर्चस्व को लेकर तीन से चार बाइकों पर सवार सात से आठ दबंगों ने पांच से छह राउंड गोलियां तड़तड़ाई। एक गोली बीबीडी के पूर्व छात्र नितिन यादव के हाथ में लगी। उसे गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नितिन के साथी ने गुडंबा थाने के हिस्ट्रीशीटर पर गोलियां चलवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हिस्ट्रीशीटर समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह के मुताबिक मुकदमा नितिन यादव के साथी सुधांशु तिवारी की तहरीर पर दर्ज किया गया है। सुधांशु ने तहरीर देकर बताया कि वह पार्सवनाथ सिटी तिवारीगंज में रहते हैं। बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे कुछ सात से आठ लोग जान से मारने की नियत से असलहा लेकर फ्लैट के बाहर रेकी कर रहे थे। संदिग्धों ने मित्र शिवाचन के बारे में एक-दो लोगों से पूछताछ भी की। जानकारी होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस पहुंची तो संदिग्ध लोग भाग निकले। सुधांशु ने बताया कि कुछ देर बाद वह साथी नितिन के व अन्य के साथ निकले। इस बीच लखनऊ मार्बल्स के पास घात लगाए बैठे संदिग्ध हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। पांच से छह राउंड फायरिंग की। गोली मित्र नितिन के हाथ में धंस गई। वह खून से लथपथ होकर वहीं पर गिर पड़ा। किसी तरह उसे उठाया और भागे तो हमलावरों ने पीछा करना शुरू कर दिया। हमलावर किसी ऋषभ राय का नाम लेकर फोन पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऋषभ भइया आपके दुश्मन को गोली मार दी है। इसके बाद फोन काट दिया। सुधांशु के मुताबिक ऋषभ के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। वह क्षेत्र में लोगों से रंगदारी मांगता है। वर्चस्व को लेकर आए दिन लोगों से मारपीट कर उन पर फायरिंग कराता है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है.
दोनों पक्षों में है विवाद
इंस्पेक्टर के मुताबिक दोनों पक्षों में पुराना विवाद है। देर रात एक ढाबे पर उक्त लोग खाने के लिए गए थे। विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची और ढाबा बंद करा दिया गया था। इसके बाद दोनों पक्ष चले गए। कुछ देर बाद फिर आमने सामने आ गए उनके बीच विवाद हो गया था। हमलावरों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

