लव मैरिज के पांच महीने बाद विवाहिता की दहेज हत्या, पति फरार

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

लखनऊ के इटौंजा में दहेज उत्पीड़न के चलते नवविवाहिता हिमांशी की हत्या का मामला सामने आया है। शादी के बाद उसे ससुराल वालों ने प्रताड़ित किया। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया और ससुर एवं ननद को हिरासत में लिया। मुख्य आरोपी पति शव के साथ फरार है।

लव मैरिज के पांच महीने बाद विवाहिता की दहेज हत्या, पति फरार

इटौंजा,(लखनऊ), संवाददाता। लखनऊ के इटौंजा में दहेज उत्पीड़न के चलते नवविवाहिता की हत्या कर ससुरालीजनों के शव को कार में डालकर ठिकाने लगाने निकलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का महज पांच माह पहले ही प्रेम विवाह हुआ था। इटौंजा पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर ससुर, ननद और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पति अन्य साथियों के साथ शव लेकर कार से फरार है। आरोपी पड़ोसियों को यह बताकर निकले थे कि वे अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं। बीकेटी पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं और टीमें आरोपियों व शव की तलाश में जुटी हैं।

हत्या के कारण

सीतापुर के तानसेनगंज स्थित वाल्दा रोड निवासी पवन कुमार कश्यप ने बताया कि उनकी बेटी हिमांशी का पांच माह पहले अटरिया के बिरसिंहपुर गांव निवासी वकील प्रदीप गौड़ से प्रेम विवाह हुआ था। प्रदीप फिलहाल इटौंजा चौराहा हाईवे के पास निजी मकान में परिजनों के साथ रहता है। पवन का आरोप है कि शादी के दो माह बाद से ही ससुरालवाले दहेज की मांग को लेकर बेटी के साथ मारपीट और उत्पीड़न करने लगे थे। उनके मुताबिक, शनिवार रात हिमांशी ने फोन पर बताया था कि ससुरालवालों ने उसकी पिटाई की है और उसके साथ कोई अनहोनी भी हो सकती है।

पुलिस कार्रवाई

घबराए पवन रविवार सुबह ही इटौंजा स्थित बेटी की ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा मिला और परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल बंद थे। इस पर वह तुरंत पत्नी और बच्चे के साथ इटौंजा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के घर पहुंचकर जांच शुरू की। घर खाली मिलने पर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर जब्त कर ली गई। इसके बाद आरोपी प्रदीप के पिता, बड़ी बहन और एक भांजे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

संदिग्ध गतिविधियाँ

बीकेटी एसीपी विकास पांडेय ने बताया कि जब्त डीवीआर की शनिवार रात की कुछ घंटों की फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में चीख-पुकार के साथ कार में विवाहिता का शव रखे जाने का दृश्य भी दिखाई दे रहा है। आरोपियों ने पड़ोसियों को अमरनाथ दर्शन पर जाने की बात कहकर कार से प्रस्थान किया था। एसीपी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए ससुर व अन्य से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। फिलहाल फरार आरोपी पति और उसके साथियों के साथ-साथ विवाहिता के शव की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

सामान्य प्रश्न

इस घटना में मुख्य आरोपी कौन है?
मुख्य आरोपी पति है जो शव लेकर फरार है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।