शाहजहांपुर में मंदिर पर कब्जे के विवाद में दो वृद्धों को तखत से बांधकर जिंदा जला दिया, आरोपी गिरफ्तार
खुदागंज थाना क्षेत्र के सुथा गांव में बुधवार रात हनुमान मंदिर परिसर में दो वृद्धों को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। दोनों वृद्ध मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। आरोपी सुमित सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच से पता चलेगा कि दोनों को पहले मारा गया या उन्हें जलाया गया।
खुदागंज (शाहजहांपुर), संवाददाता। खुदागंज थाना क्षेत्र के सुथा गांव में बुधवार आधी रात हनुमान मंदिर परिसर में दो वृद्धों की तख्त से बांधकर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों वृद्ध मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और उसकी देखभाल करते थे। वारदात रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान गोपाल दास (55-60 वर्ष) और बड़े दास (55-56 वर्ष) के रूप में हुई है। बड़े दास के दिव्यांग होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने सुमित सिंह नाम के युवक पर दोनों वृद्धों से मारपीट करने, उन्हें अलग-अलग तख्त से बांधने और मंदिर परिसर व आसपास से लकड़ियां जुटाकर आग लगाने का आरोप लगाया है। आग में झुलसने से दोनों की मौत हो गई। हालांकि दोनों को पहले मारा गया या उन्हें जिंदा जलाया गया, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा。
घटना का विवरण
बताया जा रहा है कि गांव के पश्चिम में स्थित हनुमान मंदिर में दोनों वृद्ध लंबे समय से रहकर पूजा-पाठ करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक मंदिर सुमित के परिवार की जमीन पर बना है और जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि बुधवार रात सुमित पहले गांव में काल सिंह स्थान पर पहुंचा और वहां लाइट तोड़ने के बाद हनुमान मंदिर गया। मंदिर में दोनों वृद्धों से उसका विवाद हुआ। इसके बाद मारपीट करने और दोनों को तख्त से बांधकर आग लगाने का आरोप है।
सुमित का आपराधिक रिकॉर्ड
दो महीने पहले जेल से छूटने की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार सुमित करीब दो महीने पहले जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ कार जलाने और एससी-एसटी एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने की बात भी ग्रामीणों ने कही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जांच के बाद ही उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों और पूर्व की घटनाओं में उसकी भूमिका की स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस और फॉरेंसिक जांच
एसपी और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सौरभ दीक्षित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मंदिर की जमीन को लेकर चल रहे विवाद, घटना से पहले दोनों वृद्धों और आरोपी के बीच हुए घटनाक्रम तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए तरीके की जांच कर रही है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति और साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों वृद्धों की पहले हत्या की गई और बाद में शव जलाए गए या उन्हें जिंदा जलाया गया। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
मृतकों की स्थिति
घटनास्थल पर शव बुरी तरह जले हुए मिले हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। आवश्यकता पड़ने पर फॉरेंसिक जांच के लिए नमूने और विसरा सुरक्षित कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में सनसनी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


