पूर्णिया: रेलवे ट्रैक पर 23 वर्षीय महिला का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

पूर्णिया-सहरसा रेलवे खंड के मुरलीगंज और जानकीनगर स्टेशन के बीच, 23 वर्षीय सीता कुमारी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। स्थानीय लोगों ने सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन का परिचालन रुका। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पूर्णिया: रेलवे ट्रैक पर 23 वर्षीय महिला का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस

जानकीनगर, पूर्णिया से धीरज की रिपोर्ट पूर्णिया-सहरसा बड़ी रेल लाइन खंड के मुरलीगंज और जानकीनगर स्टेशन के बीच रूपौली गोठ रेलवे ढाला के समीप रविवार को रेलवे ट्रैक पर 23 वर्षीय महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रेलवे पटरी के बीच शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रेलवे गेटमैन को दी, जिसके बाद गेटमैन ने जानकीनगर रेलवे स्टेशन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक राजीव कुमार ने समस्तीपुर कंट्रोल रूम एवं जानकीनगर थाना पुलिस को अवगत कराया। घटना के कारण जयनगर से मनिहारी जा रही जानकी एक्सप्रेस को मुरलीगंज स्टेशन पर करीब 35 मिनट तक रोके रखा गया।

रेलवे ट्रैक से शव हटाए जाने के बाद ट्रेन का परिचालन सामान्य किया गया। घटना की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम, जानकीनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार तथा राजकीय रेल थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। राजकीय सहायक रेल थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान 23 वर्षीय सीता कुमारी, पति शंकर साह निवासी हटिया टोला वार्ड संख्या-12 रूपौली दक्षिण पंचायत थाना जानकीनगर जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर महिला की मौत होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।