सड़क किनारे मिला नवजात बच्ची का शव
मड़ियाहूं के काजीकोट मोहल्ले में ददरा बाईपास मार्ग के किनारे सोमवार सुबह नवजात बच्ची का शव मिला। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसे छोड़ने वाले के बारे में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए जानकारी जुटा रही है।

मड़ियाहूं, हिन्दुस्तान संवाद। नगर के काजीकोट मोहल्ले में ददरा बाईपास मार्ग के किनारे सोमवार की सुबह नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब नौ बजे सड़क से गुजर रहे लोगों की नजर नवजात के शव पर पड़ी। इसकी सूचना आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण की। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। नवजात को सड़क किनारे किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि ददरा बाईपास के किनारे नवजात बच्ची का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से घटना के संबंध में जानकारी की जा रही है।


