तीन बच्चों के साथ नदी में कूदी महिला, दो लापता
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
कर्नाटक के शिवमोगा में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ तुंगा नदी में कूद गई। उसकी दो बेटियां लापता हैं जबकि 11 महीने का बेटा और महिला को बचा लिया गया है। बचाव कार्य जारी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम को हुई।

शिवमोगा, एजेंसी। कर्नाटक के शिवमोगा में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ रेलवे पुल से तुंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद दो नाबालिग बेटियां लापता हैं। इनकी तलाश के लिए मंगलवार को भी बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। चित्रदुर्ग जिले के होसुर गांव की रहने वाली भवानी ने कथित तौर पर पहले अपनी छह और चार साल की दो बेटियों को नदी में धकेला और इसके बाद 11 महीने के बेटे को लेकर खुद भी नदी में छलांग लगा दी।
स्थानीय युवकों ने महिला और उसके 11 महीने के बेटे को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दोनों बेटियां अब भी लापता हैं।


