पीजीसीआईएल में शिवम कुमार का चयन
पूर्णिया के राजकीय पॉलिटेक्निक के सिविल इंजीनियरिंग छात्र शिवम कुमार का पीजीसीआईएल में डिप्लोमा ट्रेनी के पद पर चयन हुआ है। सत्र 2023-2026 के छात्र शिवम ने ₹12 लाख वार्षिक पैकेज पर यह सफलता हासिल की। संस्थान के अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। राजकीय पॉलिटेक्निक पूर्णिया के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र शिवम कुमार का प्रतिष्ठित पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) में डिप्लोमा ट्रेनी (सिविल) के पद पर चयन हुआ है। सत्र 2023-2026 के छात्र शिवम कुमार ने 12 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर यह उपलब्धि हासिल की है। शिवम कुमार कृष्णानंद कुमार के पुत्र हैं। शिवम की सफलता पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. मूनिम लतीफी ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार ने कहा कि शिवम का चयन विभाग और संस्थान के लिए गौरव का विषय है। वहीं प्रशिक्षण एवं नियोजन पदाधिकारी (टीपीओ) प्रो. अमन कुमार राजन ने कहा कि प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। पीजीसीआईएल में 12 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर शिवम का चयन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

