Shamli News: शिव महापुराण कथा में गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष
Shamli News: सावन मास में भाकू वाला के प्राचीन सिद्ध पीठ मंदिर में श्री शिव महापुराण कथा का तृतीय दिवस मनाया गया। श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन हुए और कथा स्थल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। कथा व्यास आचार्य चंचल शर्मा ने शिव महापुराण और मानवता के लिए महत्वपूर्ण संदेश साझा किए।

Shamli News: सावन मास के पावन अवसर पर प्राचीन सिद्ध पीठ मंदिर भाकू वाला में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के तृतीय दिवस श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में भाव-विभोर नजर आए। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान आशुतोष की महिमा का श्रवण किया। कथा के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। कथा व्यास आचार्य चंचल शर्मा ने शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए भगवान शिव की महिमा, भक्ति और सत्संग के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने देवर्षि नारद के प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि लोभ, मोह, क्रोध और अहंकार मनुष्य के पतन के प्रमुख कारण हैं।
भगवान विष्णु के उपदेश से नारद जी को यह बोध हुआ कि सांसारिक मोह-माया में उलझने के बजाय मनुष्य को अपने जीवन को प्रभु की भक्ति, सदाचार और सत्य के मार्ग पर लगाना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि कथा के संदेश को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने जीवन में उतारें। लोभ और मोह का त्याग, क्रोध एवं अहंकार पर नियंत्रण और भगवान का निरंतर स्मरण मनुष्य के जीवन को शांत, सुखमय और सार्थक बनाता है। तृतीय दिवस की कथा का दीप प्रज्ज्वलन पूर्व चेयरमैन राजेश्वर बंसल, पूर्व आईजी विजय गर्ग और प्रतीक गर्ग ने किया। कथा के मुख्य यजमान मनु मित्तल, अरविंद मित्तल और रॉबिन गर्ग रहे। इस अवसर पर यशपाल पंवार, वैभव बंसल, अमित गुप्ता, मोहित मित्तल, मुक्तेश शर्मा, अनिल तायल, सुखबीर भटनागर सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।


