मोकामा ब्रिज होकर जहाजों के निकलने का रास्ता साफ, आवागमन शुरू
गंगा नदी में जलस्तर में कमी आने के बाद जहाजों का परिचालन फिर से शुरू हो गया है। मोकामा ब्रिज के पास वर्टिकल क्लियरेंस की समस्या समाप्त हो गई है। साहिबगंज से भागलपुर होते हुए पटना के बीच मालवाहक जहाजों की आवाजाही से कारोबारियों को राहत मिली। जलस्तर में कमी से जहाजों के लिए आवश्यक रास्ते भी साफ हो गए हैं।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। गंगा नदी में जलस्तर में कमी आने के बाद जलमार्ग पर जहाजों का परिचालन फिर से शुरू हो गया है। वहीं दोबारा जलस्तर बढ़ने के कारण जहाजों को मोकामा ब्रिज के पास वर्टिकल क्लियरेंस को लेकर कोई समस्या नहीं आ रही है।
जल परिवहन में राहत
इधर, साहिबगंज से भागलपुर होते हुए पटना के बीच मालवाहक जहाजों की आवाजाही शुरू होने से जल परिवहन से जुड़े कारोबारियों और माल ढुलाई से जुड़े लोगों को राहत मिली है। नदी में पानी घटने के साथ ही जहाजों के सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरी मार्ग भी अब साफ हो गया है। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अनुसार, मोकामा के पास गंगा नदी पर बने पुल के नीचे जहाजों के गुजरने के लिए अब पर्याप्त वर्टिकल क्लियरेंस उपलब्ध हो गया है। हाइयेस्ट फ्लड लेवल से बाढ़ के दौरान गंगा का जलस्तर बढ़ जाने से नदी और पुल के बीच की ऊंचाई काफी कम हो गई थी। इसके कारण पुल के नीचे से मालवाहक जहाजों के परिचालन में परेशानी उत्पन्न हो रही थी और आवाजाही प्रभावित थी। अब जलस्तर घटने के बाद पुल के नीचे जहाजों के गुजरने का रास्ता साफ हो गया है। इससे साहिबगंज से भागलपुर और आगे पटना तक माल ढुलाई की गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है。
एबीएन राजमहल की यात्रा
एबीएन राजमहल पटना से वापस लौटा
बीते सात सितंबर को बाढ़ के दौरान मोकामा ब्रिज के पास वर्टिकल क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण एबीएन राजमहल टूरिस्ट क्रूज को भागलपुर में ही रोक दिया गया था। उस दिन विदेशी पर्यटकों को जहाज से उतारकर ट्रेन के माध्यम से पटना भेजा गया था। पानी कम होने के बाद यह जहाज भागलपुर से ऊपर की ओर पटना गया। वहीं विदेशी पर्यटकों को लेकर पटना से चलकर बीते मंगलवार को भागलपुर से गुजरा। यह जहाज कोलकाता की ओर गया।

