ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशकांग्रेस में शामिल हो सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा, पटना साहिब से लड़ सकते हैं चुनाव

कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा, पटना साहिब से लड़ सकते हैं चुनाव

लोकप्रिय अभिनेता और भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा जल्द कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। भाजपा से नाराज चल रहे सिन्हा रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर पार्टी में शामिल हो सकते हैं।...

कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा, पटना साहिब से लड़ सकते हैं चुनाव
विशेष संवाददाता,नई दिल्लीFri, 22 Mar 2019 09:18 PM
ऐप पर पढ़ें

लोकप्रिय अभिनेता और भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा जल्द कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। भाजपा से नाराज चल रहे सिन्हा रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर पार्टी में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस उन्हें बिहार की पटना साहिब सीट से अपना उम्मीदवार बना सकती है। वह इस सीट से लगातार दो बार भाजपा के टिकट पर जीत चुके हैं।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि शत्रुघ्न   सिन्हा जल्द पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बातचीत हो चुकी है, सिर्फ वक्त तय करना है। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की पूर्णिया (बिहार) और पश्चिम बंगाल में रैली हैं। इसलिए, शत्रुघन सिन्हा रविवार को कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं।

सिन्हा के (राष्ट्रीय जनता दल) राजद में शामिल होने की भी अटकलें लगाई जा रही थीं। उन्होंने रांची रिम्स में भर्ती राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से भी मुलाकात की थी। राजद के नेता भी इस तरह के संकेत दे रहे थे कि शत्रुघ्न   सिन्हा उनके बड़े हैं, वह पार्टी में शामिल होना चाहें तो उनका स्वागत है। पर बाद में साफ हुआ कि वह कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात भी की है।

बिहार की 40 सीटों पर एनडीए 23 मार्च को करेगा उम्मीदवारों का ऐलान

बिहार में लोकसभा की 40 सीटें
बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान संपन्न होगा। राज्य में लोकसभा चुनाव के मतदान का पहला चरण 11 अप्रैल को शुरू होगा, जबकि सातवां एवं अंतिम चरण 19 मई को होने वाले मतदान के साथ संपन्न होगा। मतों की गणना 23 मई को की जाएगी। बिहार के कुल 7.06 करोड़ मतदाताओं में 3.73 करोड़ पुरुष मतदाता और 3.32 करोड़ महिला मतदाता हैं जबकि 2406 तीसरे लिंग श्रेणी के हैं, जो कि 72,723 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। बिहार में 15.50 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

सात चरणों में होंगे मतदान
सातों चरण का मतदान संपन्न हो जाने पर मतों की गिनती 23 मई को एक साथ होगी। राज्य के 40 लोकसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदाता वाले पटना साहिब में 19 मई को सातवें और आखिरी चरण का मतदान होगा।

पहले चरण में 11 अप्रैल को औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई में मतदान होगा, जबकि किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में दूसरे चरण यानी 18 अप्रैल को मतदान होगा। झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया में 23 अप्रैल को तीसरे चरण में मतदान होगा, जबकि दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर के निर्वाचन क्षेत्रों में 29 अप्रैल को चौथे चरण में मतदान संपन्न होगा।

पांचवें चरण में सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर में छह मई को मतदान संपन्न होगा। छठे चरण में वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज के आठ निर्वाचन क्षेत्रों में 12 मई को मतदान होगा। हाई प्रोफाइल पटना साहिब के निर्वाचन क्षेत्र के अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र नालंदा, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, जहानाबाद और काराकाट में 19 मई को सातवें और अंतिम चरण में मतदान होगा।

दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव
इस आम चुनाव के साथ रोहतास जिला के डेहरी विधानसभा क्षेत्र और नवादा विधानसभा क्षेत्रों में भी उप-चुनाव संपन्न होंगे। नवादा विधानसभा सीट राजद विधायक राज बल्लभ यादव और डेहरी विधानसभा सीट इसी दल के विधायक इलियास हुसैन के दोषी ठहराए जाने के बाद खाली हो गई हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें