प्रधानमंत्री मोदी से मिले शरद पवार
एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने महाराष्ट्र के किसानों के मुद्दों पर चर्चा की। यह मुलाकात उस समय हुई जब विपक्ष काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन कर रहा था। पवार ने पॉलिसी संबंधी समस्याओं पर ज्ञापन भी सौंपा।

एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। शरद पवार और पार्टी सांसद सुप्रिया सुले जिस वक्त प्रधानमंत्री से मिलने के लिए संसद भवन स्थित उनके दफ्तर गए, उस वक्त पूरा विपक्ष काले कपड़े पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहा था। सियासी हलकों में इसे अहम माना जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की ओर से कहा गया कि शरद पवार ने महाराष्ट्र के किसानों के मुद्दों पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री से मिलने का वक्त मांगा था। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र में कृषि और जल क्षेत्र संबंधी प्रशासनिक एवं नीतिगत संबंधी कमियों तथा किसानों की समस्याओं पर ज्ञापन भी सौंपा है। पर करीब बीस मिनट की इस मुलाकात में प्रधानमंत्री ने जिस गर्मजोशी के साथ पवार का स्वागत किया, उससे सियासी हलकों में कई कयास लगाए जाने लगे हैं。
शरद पवार की पीएम से मुलाकात का समय
शरद पवार की प्रधानमंत्री से मुलाकात ऐसे वक्त हुई है, जब सरकार मानसून सत्र में परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता है। इस स्थिति में एनसीपी (एसपी) गुट के आठ सांसद बहुत महत्वपूर्ण हो जाते हैं। इससे पहले पार्टी यह संकेत दे चुकी है कि केंद्र सरकार सभी राज्यों में 50 फीसदी सीट बढ़ाने का लिखित आश्वासन देती है, तो वह परिसीमन विधेयक का समर्थन करने पर विचार कर सकती है।
राजनीतिक अटकलें और विपक्ष की स्थिति
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले शरद पवार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मिल चुके हैं। इन मुलाकात को लेकर भी अटकलें लगाई गई थी। हालांकि, विपक्षी नेता मानते हैं कि शरद पवार इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहेंगे। दरसल, मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री निवास पर प्रदर्शन में एनसीपी की वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले शामिल हुई थी। उसी वक्त शरद पवार भी छात्रों से मिलने के लिए जंतर-मंतर गए थे।
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


