डीएवी कथारा की छात्रा का लाल-लाडली योजना में चयन
डीएवी पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा शारा सिन्हा को सीसीएल की 'लाल-लाडली योजना' में चयनित किया गया है। यह योजना प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं एवं 12वीं के साथ-साथ आईआईटी-जेईई और नीट की निशुल्क कोचिंग प्रदान करती है। प्राचार्य डॉ जीएन खान ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की।

डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा की मेधावी छात्रा शारा सिन्हा ने सीसीएल की प्रतिष्ठित ‘लाल-लाडली योजना’ में चयनित होकर विद्यालय एवं अपने माता-पिता को गौरवान्वित किया है। सारा मुकेश कुमार एवं माला सिन्हा की सुपुत्री हैं। ज्ञात हो कि सीसीएल की ‘लाल लाडली योजना’ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई के साथ-साथ आईआईटी-जेईई एवं नीट की नि: शुल्क विशेष कोचिंग दी जाती है। चयनित विद्यार्थी डीएवी गांधीनगर में अध्ययन करते हैं तथा उन्हें छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। अनुभवी शिक्षकों, आईआईटी विशेषज्ञों एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।
प्राचार्य सह झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जीएन खान ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिभा, परिश्रम और अनुशासन सफलता की आधारशिला हैं। वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आरएस मिश्रा, जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, आराधना, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, आलोक कुमार सिंह, ओशीन, बबली कुमारी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।


