पुनर्वास विवि के दीक्षांत समारोह में 156 पदक पाकर दमके मेधावियों के चेहरे
डॉ. शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह में 130 मेधावी विद्यार्थियों को 156 पदक दिए गए। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने समारोह की अध्यक्षता की। मुख्य अतिथि सी. सदानंदन मास्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। 1921 विद्यार्थियों की उपाधियां डिजी लॉकर में अपलोड की गईं।
सुशील सिंह, कार्यालय संवाददाता, लखनऊ। डॉ. शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह में मेधावी विद्यार्थी पदक पाकर खुशी से झूम उठे। शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित अटल प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह की अध्यक्षता कर रहे दिव्यांगजन सशक्तीकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने मेधावियों को कुलाध्यक्ष, मुख्यमंत्री और कुलपति पदक दिए। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सी. सदानंदन मास्टर ने मेधावियों और उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और प्रेरणादायक बातें बताईं। 1921 विद्यार्थियों की उपाधियां डिजी लॉकर में अपलोड की गईं। कुलपति प्रो. संजय सिंह ने विवि की उपलब्धियां गिनाईं।
दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां दी गईं। समारोह में 130 मेधावी विद्यार्थियों को 156 पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 76 स्वर्ण, 40 रजत और 40 कांस्य पदक शामिल हैं। 27 दिव्यांग विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 45 पदक मिले। कविता, निबंध, भाषण, राष्ट्रभक्ति गीत गायन, चित्रकला, खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं और सर्वश्रेष्ठ एक शिक्षक को भी सम्मानित किया गया। एनएसएस की ओर से गोद लिए गए गांवों के आठ विद्यालयों में कराए गए कार्यक्रम व प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।


